रांची: चान्हो प्रखंड के हुरहुरी मैदान में आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब एफसी सरना ब्रदर्स हुरहुरी ने जीत लिया। फाइनल मुकाबले में एफसी सरना ब्रदर्स ने जैक ब्रदर्स कमाती को 1-0 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की।

27वें शहीद शिव उरांव स्मारक समिति के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के फाइनल में दोनों टीमों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ। एफसी सरना ब्रदर्स ने एक गोल की बढ़त बनाकर जीत हासिल की। विजेता और उपविजेता टीम को समारोह में सम्मानित किया गया।

समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कांग्रेस पार्टी के प्रखंड अध्यक्ष मो. इश्तियाक शामिल हुए। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच देता है। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसी प्रतियोगिताओं से स्थानीय खिलाड़ियों की प्रतिभा सामने आती है। उन्होंने युवाओं से खेल के साथ पढ़ाई पर भी ध्यान देने की अपील की।

समारोह में मंगलेश्वर उरांव, इरशाद खान, चूमनू उरांव, मुखिया गुड़िया कुमारी, पंचायत समिति सदस्य सुनीता उरांव, बुधराम उरांव, गंगू उरांव, बेलस केरकेट्टा, रमेश उरांव, विनोद उरांव, मुन्ना उरांव, प्रदीप उरांव, अफरोज अंसारी, लछमन उरांव और सुबोध साही सहित आयोजन समिति के सदस्य व बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद थे।