रांची: गांधी जयंती पर शुक्रवार को मोरहाबादी स्थित बापू वाटिका में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने के लिए जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी रही। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, गांडेय विधायक कल्पना सोरेन और राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने भी पुष्प अर्पित किए।

कार्यक्रम में महात्मा गांधी के विचारों और उनके बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को भी याद किया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाकर उनके बताए रास्ते पर चलना जरूरी है।

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने महात्मा गांधी को विश्व में शांति का दूत बताया। उन्होंने गांधी जी और लाल बहादुर शास्त्री के योगदान को याद किया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अर्पित की श्रद्धांजलि

जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजन्त्री ने भी बापू वाटिका पहुंचकर महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक रांची राकेश रंजन, अपर जिला दंडाधिकारी धनंजय, अनुमंडल पदाधिकारी सदर रांची कुमार रजत, ग्रामीण एसपी गौतम गोस्वामी, सिटी एसपी पारस राणा और यातायात एसपी राकेश सिंह मौजूद रहे।

इसके अलावा जिला नजारत उप समाहर्ता डॉ. सुदेश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी उर्वशी पाण्डेय समेत अन्य संबंधित पदाधिकारियों ने भी गांधी जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।