रोशनी, बिनीमा और नीलम के घर पहुंची डालसा की टीम

रांची/खूंटी: अंतरराष्ट्रीय हॉकी में देश के लिए पदक जीतने वाली खूंटी की तीन बेटियों की उपलब्धि अब उनके गांवों में अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने की पहल से जुड़ रही है। स्वर्ण पदक विजेता रोशनी आइंद, बिनीमा धान और कांस्य पदक विजेता नीलम टोपनो के घर पहुंची डालसा की टीम ने परिवारों की जरूरतें जानीं। पेंशन, बिजली, आवास, शौचालय, पेयजल, जाति प्रमाण-पत्र और सड़क से जुड़ी जरूरतें सामने आयीं। टीम ने संबंधित योजनाओं के लिए आवेदन लिये और पात्रता के आधार पर लाभ दिलाने के लिए संबंधित विभागों से समन्वय की बात कही।

तोरपा के उयूर गांव की रोशनी आइंद के परिवार ने पेंशन, बिजली कनेक्शन, शौचालय, आवास और पेयजल की जरूरत बतायी। बिजली नहीं होने से रात में बच्चों की पढ़ाई और घरेलू कामकाज में परेशानी की बात सामने आयी। कर्रा के जरियागढ़ स्थित ब्राह्मण टोली की बिनीमा धान के परिवार ने पेंशन, शौचालय, आवास और पेयजल से जुड़ी जरूरतें रखीं।

तोरपा के सोंदारी गांव की नीलम टोपनो के परिवार ने पेंशन, जाति प्रमाण-पत्र, बिजली, शौचालय, आवास, पेयजल और पीसीसी सड़क की जरूरत बतायी।

आवेदन के बाद विभागों से समन्वय

झालसा, रांची के निर्देश पर हुई पहल में डालसा अध्यक्ष रसिकेश कुमार के मार्गदर्शन और सचिव कमलेश बेहरा के नेतृत्व में टीम ने परिवारों से मुलाकात की। टीम ने आवेदन लिये और संबंधित विभागों के समक्ष मामलों को रखने तथा पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ने के लिए समन्वय की पहल की।

खिलाड़ियों की उपलब्धि बनेगी जागरूकता का माध्यम

डालसा इन खिलाड़ियों की उपलब्धियों के जरिए ग्रामीण क्षेत्रों में बाल एवं महिला अधिकार, नि:शुल्क कानूनी सहायता, न्याय तक पहुंच और सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी पहुंचाने की योजना पर भी काम करेगा।