रांची/गुमला: प्रखंड के पनसो गांव में धुमकुड़िया भवन निर्माण की मांग तेज हो गई है। ग्रामीणों ने लोहरदगा लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुखदेव भगत के नाम मांग पत्र सौंपकर गांव में जल्द भवन निर्माण की स्वीकृति देने की अपील की है। यह मांग असंगठित कामगार कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मुख्तार आलम के माध्यम से सांसद तक पहुंचाई गई।
ग्रामीणों का कहना है कि पनसो में अब तक धुमकुड़िया भवन का निर्माण नहीं हुआ है। इसके कारण गांव में सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध नहीं है। धुमकुड़िया भवन बनने से ग्रामीणों को सामुदायिक कार्यक्रमों के लिए स्थायी स्थान मिलेगा।
ग्रामीणों ने कहा कि धुमकुड़िया आदिवासी समाज की सांस्कृतिक परंपरा और सामुदायिक जीवन से जुड़ा महत्वपूर्ण केंद्र है। इसके संरक्षण और नई पीढ़ी तक परंपराओं को पहुंचाने के लिए गांव में भवन का निर्माण जरूरी है। उन्होंने सांसद से मांग पर जल्द पहल करने की अपील की।
मुख्तार आलम ने कहा कि सांसद सुखदेव भगत क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पनसो में धुमकुड़िया भवन की मांग को सांसद के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा और जल्द निर्माण की स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
