रांची: जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में नौ अक्टूबर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच दूसरे टी-20 क्रिकेट मैच को लेकर पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है। सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के लिए सोमवार को अपर पुलिस महानिदेशक सह पुलिस महानिरीक्षक दक्षिणी छोटानागपुर प्रक्षेत्र मनोज कौशिक ने स्टेडियम का विस्तृत निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, एसपी नगर पारस राणा, एसपी ग्रामीण गौरव गोस्वामी, एसपी यातायात राकेश सिंह के अलावा जेएससीए के अध्यक्ष, सचिव और अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
एडीजी मनोज कौशिक ने स्टेडियम और उसके आसपास की सुरक्षा व्यवस्था, दर्शकों के प्रवेश और निकास द्वार, पार्किंग स्थल, यातायात प्रबंधन, खिलाड़ियों और टीमों की सुरक्षा तथा संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
इस दौरान एडीजी ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि मैच के दौरान सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी जाए, पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती हो और यातायात व्यवस्था सुचारू रहे। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए पहले से पूरी तैयारी रखने को कहा गया है।
पुलिस प्रशासन की ओर से बताया गया कि मैच के दौरान आम नागरिकों, दर्शकों और खिलाड़ियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। रांची पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे मैच के दिन पुलिस-प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।
Image courtesy Ranchi police/social media
