पिस्का नगड़ी: SIR-2026 की प्रक्रिया में जरूरी दस्तावेज जुटाने में आ रही परेशानियों को लेकर आमया संगठन ने सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी दीपाली भगत को मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी, झारखंड के नाम मांग पत्र सौंपा। संगठन ने दस्तावेज उपलब्ध कराने और लंबित प्रमाण-पत्र जारी करने की प्रक्रिया आसान करने की मांग की।
आमया संगठन के केंद्रीय अध्यक्ष एस. अली ने कहा कि जानकारी के अभाव और अशिक्षा के कारण कई लोगों के पास शैक्षणिक, जन्म, जाति, आवासीय समेत जरूरी प्रमाण-पत्र नहीं हैं। ऐसे लोगों के लिए नोटिस में मांगे गए साक्ष्य जुटाना मुश्किल हो रहा है। उन्होंने संबंधित मामलों में व्यावहारिक तरीके से सुनवाई की मांग की।
मांग पत्र में जाति, आय, स्थानीय निवासी और ईडब्ल्यूएस प्रमाण-पत्र के लंबित आवेदनों का जल्द निष्पादन करने की मांग की गई। साथ ही खतियान के साथ वंशावली और पारिवारिक सूची के लिए आवेदन करने वालों को दस्तावेज जारी करने तथा मुखिया, वार्ड पार्षद या स्थानीय जनप्रतिनिधि के प्रमाण-पत्र और स्वयं घोषित घोषणा-पत्र के आधार पर भी मामलों के निराकरण का आग्रह किया गया।
इस दौरान आमया संगठन के केंद्रीय सचिव हारिश आलम, इस्मे आजम, आरिफ अंसारी (उपाध्यक्ष, जिला रांची ग्रामीण, युवा कांग्रेस), सलमान साजिद (नगड़ी प्रखंड अध्यक्ष, युवा कांग्रेस), शेख अयूब, सुजीत उरांव, सन्नी उरांव और इम्तियाज समेत अन्य लोग मौजूद थे।
