रांची: मानसून की विदाई के बीच झारखंड में मौसम ने फिर करवट ली है। मंगलवार से शुक्रवार (6-9 अक्टूबर) तक कई जिलों में बारिश, आंधी और वज्रपात के आसार हैं। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मौसम केंद्र के अनुसार मंगलवार, 6 अक्टूबर को लातेहार, गुमला, गढ़वा, सिमडेगा, रांची, पश्चिमी सिंहभूम, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, साहिबगंज, रामगढ़, हजारीबाग, जमशेदपुर और पलामू में बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवा चल सकती है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहने की संभावना है।
बुधवार, 7 अक्टूबर को भी कई इलाकों में बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर बारिश के साथ वज्रपात हो सकता है। गुरुवार, 8 अक्टूबर को गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है। वहीं शुक्रवार, 9 अक्टूबर को भी कुछ इलाकों में आंधी और वज्रपात की स्थिति बन सकती है।
इसके बाद शनिवार, 10 अक्टूबर और रविवार, 11 अक्टूबर को राज्य के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। इन दोनों दिनों में मौसम अपेक्षाकृत शांत रहने की उम्मीद है।
राजधानी रांची में मंगलवार, 6 अक्टूबर से गुरुवार, 8 अक्टूबर तक बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मंगलवार को रांची का अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 32-33 डिग्री और न्यूनतम करीब 23 डिग्री रह सकता है। धनबाद और बोकारो में दिन का तापमान 31-32 डिग्री, जबकि रात का तापमान 23-25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। पलामू में अधिकतम तापमान 31-33 डिग्री और गुमला में 28-30 डिग्री के आसपास रह सकता है।
इससे पहले सोमवार, 5 अक्टूबर को रांची में अधिकतम तापमान 30.6 और न्यूनतम 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में अधिकतम 35.2 और न्यूनतम 23 डिग्री, जबकि डाल्टनगंज में अधिकतम 35.4 और न्यूनतम 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
