पतरातू (रामगढ़): पतरातू थाना क्षेत्र के हेंदेगीर-पतरातू मार्ग पर जमुनियाटांड़ के निकट मंगलवार की सुबह दो बाइक के बीच हुए जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि महिला और सात वर्षीय बालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान बचरा निवासी सुदामा कुमार (30) पिता कामेश्वर मिस्त्री के रूप में हुई है। बताया गया कि वह पीवीयूएनएल पावर प्लांट में निजी कंपनी के कर्मचारी थे।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह सुदामा कुमार बाइक से ड्यूटी के लिए पतरातू पीवीयूएनएल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जमुनियाटांड़ के पास पतरातू की ओर से हेंडेगीर-छापर की तरफ जा रही दूसरी बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइकों पर सवार लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दूसरी बाइक पर कृष्णा सोरेन, सुरजी देवी और पांच वर्षीय अंश सोरेन सवार थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना मुखिया गंगाधर महतो और पतरातू पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस से पतरातू स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने सुदामा कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल कृष्णा सोरेन, सुरजी देवी और अंस सोरेन को बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है।
