पंचायत से बूथ तक संगठन मजबूत करने पर जोर

रांची: राष्ट्रीय जनता दल ने झारखंड में अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज करने के संकेत दिए हैं। मंगलवार को नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मुफ्ती अब्दुल्लाह अजहर कासमी से मुलाकात के दौरान संगठन के विस्तार, अल्पसंख्यक समाज से जुड़े मुद्दों और राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने को लेकर चर्चा हुई।

अल्पसंख्यक समाज के प्रबुद्ध और बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों ने प्रदेश अध्यक्ष बनने पर मुफ्ती अब्दुल्लाह अजहर कासमी का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए बधाई दी गई।

बैठक में संगठन को केवल प्रदेश स्तर तक सीमित रखने के बजाय पंचायत और बूथ स्तर तक सक्रिय करने पर विशेष जोर दिया गया। मुफ्ती अब्दुल्लाह अजहर कासमी ने कहा कि आने वाले दिनों में अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ का संगठनात्मक विस्तार किया जाएगा। इसके जरिए समाज के अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने और राजद की नीतियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने की दिशा में काम होगा।

मुफ्ती अब्दुल्लाह अजहर कासमी ने कहा कि संगठन को मजबूत करने के साथ समाज के वास्तविक मुद्दों को राजनीतिक मंच पर प्रभावी ढंग से उठाया जाएगा। उनका जोर ऐसे संगठनात्मक ढांचे पर रहा, जो निचले स्तर तक सक्रिय रहे और लोगों से सीधे जुड़कर काम करे।

मुलाकात के दौरान मो. आकिब सुहैल, तौसीफ अहमद खान, सैयद शाह इमाम, रिजवी छब्बन और अमरिंदर मिश्रा समेत कई लोग मौजूद रहे।