रांची: मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। पार्टी ने चुनाव आयोग की कार्यशैली और मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर सवाल उठाते हुए आंदोलन को प्रखंड और पंचायत स्तर तक ले जाने की बात कही।

मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि 2 से 8 अक्टूबर तक ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ के तहत जिला स्तर पर ‘वोट बचाओ मार्च’ निकाला जाएगा। मार्च उपायुक्त कार्यालय पहुंचेगा, जहां प्रदर्शन के बाद ज्ञापन सौंपा जाएगा।

इसके बाद 10 से 20 अक्टूबर तक प्रखंड स्तर पर विरोध प्रदर्शन होंगे। पंचायत स्तर पर भी अभियान चलाने की तैयारी है। नेताओं ने आरोप लगाया कि अलग-अलग राज्यों में मतदाता सूची और पहचान पत्रों को लेकर गंभीर सवाल सामने आए हैं।

कांग्रेस ने चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई की भी निंदा की। नेताओं ने कहा कि मतदाताओं के अधिकार और निष्पक्ष चुनाव से जुड़े सवालों का जवाब कार्रवाई से नहीं, बल्कि पारदर्शिता के साथ दिया जाना चाहिए।

पार्टी ने चेतावनी दी कि ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक आंदोलन जारी रहेगा और जरूरत पड़ी तो इसे और व्यापक किया जाएगा।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में प्रदेश महासचिव एवं ग्रामीण रांची प्रभारी कुमार राजा, रियाज अहमद और ग्रामीण रांची जिला अध्यक्ष सोमनाथ मुंडा मौजूद रहे।