रांची: पर्व-त्योहार के दौरान सार्वजनिक स्थलों पर शराबखोरी और हुड़दंग पर रोक लगाने को लेकर मंगलवार को अशोक नगर देवालय और अरगोड़ा थाना की टीम ने संयुक्त जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान अशोक नगर-कडरू रोड पर शराब दुकान के आसपास और सड़क किनारे लगे खाने-पीने के ठेलों के पास लोगों को सार्वजनिक रूप से शराब नहीं पीने की चेतावनी दी गई।
अभियान के दौरान थाना प्रभारी और देवालय के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सड़क, दुकान के आसपास या किसी अन्य सार्वजनिक स्थान पर शराब पीकर माहौल खराब करना स्वीकार नहीं किया जाएगा। लोगों से अपील की गई कि शराब के नशे में हंगामा, उपद्रव या शांति भंग करने की कोई घटना नजर आने पर तत्काल अरगोड़ा थाना को सूचना दें।
देवालय सदस्यों ने कहा कि त्योहारों के दौरान बड़ी संख्या में लोग घरों से निकलते हैं। ऐसे में सार्वजनिक जगहों पर शराबखोरी से महिलाओं, बच्चों और आम लोगों को परेशानी हो सकती है। अभियान का उद्देश्य किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि सार्वजनिक स्थानों पर अनुशासन और सुरक्षित माहौल कायम रखना है।
अभियान में अशोक नगर देवालय के अध्यक्ष मुकेश कुमार, सचिव बिपिन बिहारी मिश्रा, प्रेमजीत आनंद, कोषाध्यक्ष मनोरंजन कुंवर, अजय पांडेय, प्रवीण नंदन सहाय, राजीव रंजन और डॉ. अभिषेक समेत अन्य सदस्य मौजूद रहे।

