रांची: दुर्गा पूजा के दौरान शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रांची पुलिस ने गुरुवार को शहर में सुरक्षा अभियान चलाया। वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर 15 अक्टूबर को फिरायालाल चौक से मेन रोड होते हुए कचहरी चौक तक फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने प्रमुख मार्गों, पूजा पंडालों, संवेदनशील इलाकों और प्रतिमा विसर्जन के निर्धारित रास्तों का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया।

अभियान के दौरान ड्रोन के जरिए भी निगरानी की गई। पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर तैनात जवानों को सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया। फ्लैग मार्च में पुलिस अधीक्षक नगर परस राणा, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण गौरव गोस्वामी और पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे। इनके अलावा एडीएम लॉ एंड ऑर्डर, अनुमंडल पदाधिकारी रांची, अपर पुलिस अधीक्षक कोतवाली, पुलिस उपाधीक्षक नगर और संबंधित थाना प्रभारी भी मौजूद रहे। RAF, QRT तथा मोटरसाइकिल सवार पुलिसकर्मियों ने भी अभियान में हिस्सा लिया।

कोतवाली और हिंदपीढ़ी में भी सुरक्षा का जायजा
मुख्य मार्गों के अलावा कोतवाली और हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्रों में भी पुलिस ने फ्लैग मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। पुलिस ने पूजा और विसर्जन के दौरान सतर्कता बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

रांची पुलिस ने लोगों से दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की है। साथ ही अफवाहों से बचने, सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा नहीं करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को देने की सलाह दी है।

