रामगढ़: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 की तैयारियों को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभा कक्ष में उपायुक्त ऋतुराज ने समीक्षा बैठक की। जिसमें आगामी एक नवंबर को झारखंड अधिविद्य परिषद द्वारा आयोजित होने वाली झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा को कदाचारमुक्त, पारदर्शी और शांतिपूर्ण वातावरण में आयोजित करने को लेकर चर्चा की गई।

बैठक के दौरान जिला शिक्षा पदाधिकारी अभय कुमार शील ने परीक्षा की तैयारियों से जुड़ी विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। इसके बाद उपायुक्त श्री ऋतुराज ने परीक्षा की संपूर्ण व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिया कि परीक्षा संचालन से संबंधित सभी मानक संचालन प्रक्रियाओं का कड़ाई से पालन किया जाए और सभी कर्मी-अधिकारी मानक संचालन प्रक्रिया का अच्छे से अध्ययन करके ही अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

उपायुक्त ने सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षकों की अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने और परीक्षा संचालन के लिए निर्धारित 45 महत्वपूर्ण बिंदुओं का शत-प्रतिशत पालन करने पर जोर दिया। साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों में प्रकाश, शुद्ध पेयजल और सुरक्षा व चहारदीवारी जैसी मूलभूत सुविधाओं को समय से पहले दुरुस्त करने का निर्देश दिया।

बैठक में उपायुक्त ने कोषागार पदाधिकारी से परीक्षा से संबंधित गोपनीय सामग्रियों की सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारियों की समीक्षा की। परीक्षा के दौरान पल-पल की गतिविधि और विधि-व्यवस्था पर कड़ी निगरानी रखने के लिए जिला स्तर पर जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का निर्णय लिया गया। उपायुक्त ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर परीक्षा को पूर्ण निष्पक्षता और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया।

बैठक में जिला प्रशासन के वरीय अधिकारी, कोषागार अधिकारी और विभिन्न परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षक मुख्य रूप से उपस्थित थे।