रामगढ़: भुरकुंडा ओपी अंतर्गत जवाहर नगर में बीते 23 अक्टूबर को ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान गहमागहमी के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। मामले को लेकर दो स्थानीय युवकों ने रामगढ़ उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को आवेदन दिया है। जिसमें पुलिस कर्मियों द्वारा मारपीट करने की शिकायत की करते हुए न्याय की गुहार लगाई गई है।

शिकायतकर्ता जवाहर नगर निवासी सुनील कुमार (29 वर्ष) पिता सूरज गोसाईं और विशाल रजवार (33 वर्ष) पिता स्व. बीरेन रजवार द्वारा दिए गए आवेदन के अनुसार 23 अक्टूबर की रात जवाहर नगर स्थित दुर्गा मंडप के निकट ऑर्केस्ट्रा का आयोजन किया गया था। 

आवेदन में कहा गया है कि विगत 10 महीनों में मंडप के मुख्य पुजारी सहित 5 लोगों के निधन के कारण अधिकांश लोगों में ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम को लेकर असहमति थी। आश्वासन दिया गया था कि विजयादशमी के बाद धार्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। 23 अक्टूबर की रात करीब 9 बजे भक्ति गीतों से कार्यक्रम शुरू हुआ, लेकिन रात 10:30 बजे के बाद अभद्र भोजपुरी गीतों पर नृत्य शुरू हो गया। 

युवकों का आरोप है कि इसपर आपत्ति जताने पर वाद-विवाद होने लगा। जिसके बाद पुलिस कर्मी उनकी धर-पकड़ करने लगे। विशाल रजवार का आरोप है कि पुलिस कर्मी उसे पकड़ने के लिए घर तक आ गए। जबकि उस समय घर में उसके दिवंगत पिता के तेरहवीं संस्कार में शामिल परिवार के महिला-पुरुष सदस्य मौजूद थे।

वहीं दूसरे शिकायतकर्ता सुनील कुमार का आरोप है कि विवाद के पश्चात पुलिस उसे ओपी ले गई और पिटाई की गई। शिकायतकर्ताओं ने मांग करते हुए कहा है कि घटना की निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की जाए। उन्हें और उनके परिवारों को किसी भी प्रकार के प्रतिशोधात्मक कृत्य से सुरक्षा दी जाए। आवेदन में कई स्थानीय लोगों के भी हस्ताक्षर हैं। 

 

फोटो: 23 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रम की तस्वीर