उरीमारी (हजारीबाग): डीएवी पब्लिक स्कूल उरीमारी में शुक्रवार को राष्ट्रीय एकता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सर्वप्रथम लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर प्राचार्य प्रशांत कुमार भूयान सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उनकी तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी।
अवसर पर अंतर्सदनीय हिंदी भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसका विषय “राष्ट्रीय एकता दिवस” एवं “शिक्षा का हमारे जीवन में योगदान” रहा। प्रतियोगिता में दयानंद, अरविंदो, श्रद्धानंद और विवेकानंद चारों सदनों के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और सरदार पटेल के जीवन और राष्ट्रीय एकता पर अपने विचार रखे। प्रतियोगिता में दयानंद सदन प्रथम, विवेकानंद द्वितीय और श्रद्धानंद सदन तृतीय स्थान पर रहा।
समारोह में आगे विद्यालय की गौरवपूर्ण उपलब्धि की भी घोषणा की गई। बताया गया कि कक्षा 12वीं की छात्रा पायल कुमारी ने 24 अक्टूबर को दिल्ली में आयोजित डीएवी नेशनल स्पोर्ट्स की ताइक्वांडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर विद्यालय और राज्य का नाम रोशन किया। पायल ने बिहार, पंजाब और हिमाचल प्रदेश की प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को हराकर यह सफलता हासिल की है।
अवसर पर प्राचार्य प्रशांत कुमार भूयान ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल ने 562 रियासतों को एक कर भारत को एक सूत्र में पिरोया था। हमें उनके आदर्शों पर चलना चाहिए। उन्होंने पायल कुमारी को बधाई देते हुए कहा कि उसकी मेहनत और अनुशासन सभी छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत है।
प्रतियोगिता में निर्णायक के रूप में राजेश राम और मंजू कुमारी ने योगदान दिया। जबकि मंच संचालन पिंकी मेहता ने किया। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ और राष्ट्रगान के साथ हुआ।

