स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के नेतृत्व में रामलीला मैदान पहुंचेंगे कार्यकर्ता, जन महाभियोग के समर्थन में करेंगे प्रदर्शन

दिल्ली/रांची: कांग्रेस की 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित महारैली में भाग लेने के लिए झारखंड से 10 हजार से अधिक कार्यकर्ता दिल्ली पहुंच चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के नेतृत्व में राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे कार्यकर्ता कल महारैली में शामिल होकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध दर्ज कराएंगे। प्रदर्शन में जन महाभियोग के समर्थन और लोकतांत्रिक संस्थाओं की जवाबदेही का मुद्दा प्रमुखता से उठाया जाएगा।

दिल्ली पहुंचे झारखंड कांग्रेस के नेताओं में प्रदेश महासचिव आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव, डॉ. राजेश गुप्ता, सूर्यकांत शुक्ला, डॉ. मो. तौसीफ, विशाल सिंह, नरेंद्र लाल गोपी और राकेश तिवारी समेत अन्य नेता शामिल हैं। कार्यकर्ताओं के पहुंचने के साथ ही महारैली को लेकर पार्टी की तैयारियां तेज हो गई हैं।

आलोक कुमार दूबे ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ जन महाभियोग की पहल लोकतांत्रिक व्यवस्था और संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही से जुड़े गंभीर सवालों को सामने लाती है। महारैली के जरिए कांग्रेस कार्यकर्ता मताधिकार की सुरक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर करेंगे।

लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि झारखंड से हजारों कार्यकर्ताओं का दिल्ली पहुंचना इस अभियान में राज्य की भागीदारी को दर्शाता है। वहीं, डॉ. राजेश गुप्ता ने निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही को महत्वपूर्ण मुद्दा बताया।

डॉ. मो. तौसीफ ने कहा कि महारैली में देशभर के कांग्रेस कार्यकर्ता एक मंच पर जुटकर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा से जुड़े सवाल उठाएंगे। इस दौरान झारखंड के नेताओं ने प्रदेश प्रभारी के. राजू और पार्टी प्रवक्ताओं अभय दूबे, काजी निजामुद्दीन तथा अजय उपाध्याय से भी मुलाकात की।