सरदार पटेल ने सशक्त और अखंड भारत की नींव रखी : रोशन लाल चौधरी 

पतरातू (रामगढ़): पटेल सेवा संघ के तत्वावधान में शनिवार को पीटीपीएस पटेल चौक पर सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती धूमधाम से मनाई गई। अवसर पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी किया गया‌। जिसमें कई लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ के संयोजक सुजीत पटेल और संचालन राकेश कुमार ने किया। 

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी शामिल हुए। समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान और झंडोत्तोलन के साथ हुई। इसके उपरांत कार्यक्रम में शामिल अतिथियों और संघ के सदस्यों ने सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। साथ ही राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

मौके पर स्कूली बच्चों के बीच चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। बच्चों को सरदार पटेल के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान के बारे में बताया गया।

कार्यक्रम में विधायक रोशन लाल चौधरी ने कहा कि सरदार पटेल ने 562 रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर सशक्त और अखंड भारत की नींव रखी। उनकी दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण ही आज भारत एकजुट है। आज किसी भी राज्य में जाने के लिए वीजा की जरूरत नहीं पड़ती, यह उनके महान योगदान का ही परिणाम है। हमें उनके विचारों को अपनाकर एकता और भाईचारे को मजबूत करना चाहिए।

मौके पर पटेल सेवा संघ के सचिव मिथलेश कुमार सिंह, डॉ. एच.के. सिंह, डॉ. ए.के. सिन्हा, रामचंद्र प्रसाद, संजय सिन्हा, दिलीप सिंह सहित संघ के सदस्य और स्थानीय लोग उपस्थित थे।