अपने अनुभवों से करें समाज को लाभान्वित : उपायुक्त 

रांची: जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय भवन के ब्लॉक-ए में पेंशन दरबार सह सेवानिवृत्ति विदाई सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के 16 सेवानिवृत्त शिक्षकों और कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

उपायुक्त ने सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों का स्वागत करते हुए कहा कि यह शिक्षक सम्मान सह सेवानिवृत्ति दरबार लगातार 22 महीनों से नियमित रूप से आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य समाज के भविष्य के निर्माता शिक्षकों को सम्मान देना है। उन्होंने कहा कि रांची जिले में यह व्यवस्था की गई है कि सेवानिवृत्ति के समस्त लाभ उसी दिन समय पर दे दिए जाते हैं। आज भी सभी सेवानिवृत्त शिक्षकों को उनके लाभ तत्काल उपलब्ध कराए गए। उन्होंने इसके लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी और पूरी टीम को बधाई दी।

उपायुक्त ने कहा कि 30-35 वर्षों की सेवा के बाद जीवन का नया पड़ाव शुरू हुआ है। इसे सेवानिवृत्ति नहीं, बल्कि नया चरण मानें। परिवार, समाज और स्वास्थ्य के लिए समय निकालें और अपने अनुभव से समाज को लाभ पहुंचाते रहें। उन्होंने मोबाइल पर युवाओं के अधिक समय बिताने पर चिंता जताते हुए शिक्षकों से युवाओं का मार्गदर्शन करने की अपील की।

मौके पर एसडीएम सदर कुमार रजत, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर धनंजय, डीईओ मो. वसीम, डीएसई बादल राज सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मी उपस्थित थे।

ये हुए सम्मानित 

अवसर पर सम्मानित होनेवालों में नामकुम अंचल कार्यालय के सहायक प्रशासनिक पदाधिकारी ठाकुर दास महतो सहित शिक्षक मो. अब्दुल मतीन, देवी प्रसाद मुखर्जी, देव कुमारी रीता, शिव शंकर महतो, सविता मिंज, मीना प्रसाद, सुधीर लकड़ा, महेश्वर गुण्डा, ओडिल ग्रेस कुल्लू, शिलवंती लिग्गा, उदय प्रताप सिंह, अन्विता मिश्रा, मरियम तिग्गा, हुलाशी कन्जुलना और सीमा भौमिक।