देश में अराजकता फैलाना चाह रही है कांग्रेस : दीपक प्रकाश
रामगढ़: भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को रामगढ़ के ला मैरिटल होटल के सभागार में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत प्रेस वार्ता का आयोजन किया। जिसमें पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि चुनाव में हार से हताश विपक्ष अब जनता के जनादेश को स्वीकार करने के बजाय संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल खड़ा कर रहा है। जिला अध्यक्ष संजीव कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई इस प्रेसवार्ता में उन्होंने कांग्रेस के संविधान बचाओ अभियान को ढोंग करार दिया।

चुनाव आयोग पर कांग्रेस द्वारा लगाए जा रहे वोट चोरी और पक्षपात के आरोपों को निराधार बताते हुए दीपक प्रकाश ने कहा कि यदि चुनाव आयोग पक्षपाती है और चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी हो रही है तो इसी व्यवस्था के तहत कांग्रेस के 99 सांसद कैसे निर्वाचित हुए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी राजनीतिक सुविधा के अनुसार संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती है, जबकि उसी व्यवस्था से मिले जनादेश को स्वीकार भी करती है। लोकतंत्र में जनता के फैसले का सम्मान होना चाहिए, हार को संस्थाओं पर दोष मढ़कर नहीं टाला जा सकता।

कांग्रेस के संविधान बचाओ अभियान पर निशाना साधते हुए दीपक प्रकाश ने कहा कि आज देशभर में संविधान और लोकतंत्र की दुहाई देने वाली कांग्रेस को अपना इतिहास याद करना चाहिए। वर्ष 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व में देश पर आपातकाल थोपा गया था। उस दौरान नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन हुआ, प्रेस की स्वतंत्रता पर सेंसरशिप लगाई गई और विपक्षी नेताओं को जेलों में बंद कर दिया गया। जिस कांग्रेस के शासनकाल में लोकतंत्र और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर गंभीर प्रहार हुए, वही पार्टी आज संविधान की सबसे बड़ी हितैषी बनने का दावा कर रही है। कांग्रेस का यह राजनीतिक दोहरापन जनता के सामने उजागर होना चाहिए।

घुसपैठ और मतदाता सूची की शुद्धता को लोकतंत्र के लिए जरूरी बताते हुए दीपक प्रकाश ने कहा कि घुसपैठ के खिलाफ मजबूती से आवाज उठाने और प्रभावी कार्रवाई करने की आवश्यकता है। लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का निष्पक्ष, पारदर्शी और त्रुटिरहित होना बेहद जरूरी है। मतदाता सूची की शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था की बुनियादी शर्त है।
विपक्ष के नकारात्मक एजेंडे पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष देश में संस्थाओं के पतन और राष्ट्रीय गिरावट की तस्वीर पेश करने का प्रयास कर रहा है, जबकि भारत रक्षा, विज्ञान, अंतरिक्ष, तकनीक, डिजिटल अर्थव्यवस्था और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर है। विकसित भारत का संकल्प केवल राजनीतिक नारा नहीं, बल्कि करोड़ों देशवासियों की आकांक्षाओं और राष्ट्रीय विकास का लक्ष्य है। लोकतंत्र में विपक्ष की महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन उसे अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सकारात्मक एवं रचनात्मक राजनीति करनी चाहिए।
प्रेस वार्ता में जिला प्रभारी सुरेन्द्र महतो, जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी, प्रदेश राजनीति प्रकोष्ठ के संयोजक जैनेंद्र कुमार, जिला मीडिया प्रभारी राजीव पामदत्त, भीम सेन चौहान, नगर अध्यक्ष सुशांत कुमार पांडेय, वरिष्ठ नेता सहदेव ठाकुर, ब्रजेश पाठक, कुणाल दास भी उपस्थित थे।

