मांडर (रांची): पर्यावरण संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी से जोड़ने और युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से ऑक्सब्रिज स्कूल, मांडर में ‘रन टू सेव नेचर’ मैराथन का आयोजन किया गया। इसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने NH-39 से विद्यालय तक चार किलोमीटर की दौड़ लगाई। प्रतियोगिता में शिखा तिर्की, देवव्रत भगत, रणवीर कुमार दास और उमूल खैर फातिमा ने अपने-अपने वर्ग में पहला स्थान हासिल किया।

मैराथन का शुभारंभ विद्यालय की प्रधानाचार्या इवोन इवेंजेलिन एक्का ने पौधारोपण के बाद हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान प्रतिभागियों ने पर्यावरण को स्वच्छ रखने, अधिक से अधिक पौधे लगाने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

प्रधानाचार्या इवोन इवेंजेलिन एक्का ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल किसी अभियान या आयोजन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना जरूरी है। बच्चों में प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना समय की आवश्यकता है। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के साथ सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी मजबूत होती है।

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक जितेंद्र सिंह, विवेकानंद प्रसाद, आमिर सोहेल, आदिल रजा, मनुजा सिंह और सुप्रिया सिंह सहित अन्य शिक्षकों का योगदान रहा।