राज्य की अर्थव्यवस्था सुधारने के लिए बनाएगी नई रणनीति 

रांची: झारखंड में रोजगार, उद्योग और स्थानीय आर्थिक अवसरों को लेकर कई चुनौतियां अब भी बरकरार हैं। इसे लेकर प्रदेश कांग्रेस ने राज्य की विकास नीति पर विशेषज्ञों की राय लेने की पहल की है। इसके लिए 11 नवंबर को रांची में ‘थिंक-2029’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में केवल राजनीतिक प्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि अर्थशास्त्री, उद्योग जगत से जुड़े लोग, शोधकर्ता और शिक्षाविद भी शामिल होंगे। कोशिश होगी कि झारखंड की जरूरतों के मुताबिक आर्थिक विकास का ऐसा खाका तैयार किया जाए, जिसे आने वाले वर्षों में नीति के स्तर पर आगे बढ़ाया जा सके।

कांग्रेस की इस पहल में सबसे अहम सवाल राज्य की प्राकृतिक संपदा के इस्तेमाल का होगा। खनिज आधारित उद्योगों के विकास के साथ स्थानीय युवाओं को रोजगार में कितनी हिस्सेदारी मिले, इस पर विचार किया जाएगा। इसके अलावा कृषि को मजबूत बनाने, छोटे और मध्यम उद्योगों को प्रोत्साहित करने, उद्यमिता के नए रास्ते खोलने तथा युवाओं के आर्थिक सशक्तीकरण पर भी चर्चा प्रस्तावित है। आदिवासी अधिकार, महिलाओं की भागीदारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं को भी विकास की रूपरेखा का हिस्सा बनाया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने सोमवार को कांग्रेस भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ऑल इंडिया प्रोफेशनल्स कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मधु गौड़ यास्खी और कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू इस आयोजन में शामिल होंगे। कार्यक्रम में दिल्ली और मुंबई से आने वाले शोधकर्ता, अर्थशास्त्री और नीति विशेषज्ञ भी राज्य की आर्थिक स्थिति और विकास की संभावनाओं पर सुझाव देंगे। प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं प्रोफेशनल्स प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल के मुताबिक, इस पहल की सोच ‘प्रोफेशनल्स फॉर प्रोग्रेस’ है। कार्यक्रम से प्राप्त सुझावों को एकत्र कर राज्य सरकार के सामने रखा जाएगा, ताकि विशेषज्ञों की राय को विकास नीति से जोड़ा जा सके।

इसी दिन महिलाओं की आर्थिक और सामाजिक भागीदारी को लेकर अलग कार्यक्रम भी होगा। शाम चार बजे फिरायालाल बैंक्वेट हॉल में महिला पेशेवरों और स्वयंसेवी संस्थाओं की ओर से महिला सशक्तीकरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें मधु गौड़ यास्खी और के. राजू मौजूद रहेंगे। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं मीडिया संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने बताया कि दोनों नेता 11 नवंबर को सुबह 11:30 बजे हैदराबाद से रांची पहुंचेंगे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर उनका पारंपरिक स्वागत किया जाएगा। कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद वे 12 नवंबर को सुबह आठ बजे हैदराबाद लौटेंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में राजन वर्मा, भुवनेश ठाकुर, करिश्मा जायसवाल, प्रभात अग्रवाल, सिमरन, इशिका शर्मा, अनिल सिंह और गौरव आनंद भी उपस्थित थे।