पतरातू (रामगढ़): पतरातू के सांकुल रोड स्थित टीवीएस वर्कशॉप की छत पर रखे स्क्रैप में सोमवार की रात अचानक आग लग गई। घटना की जानकारी मिलते ही पीवीयूएनएल की दमकल टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया।
मिली जानकारी के अनुसार रात तकरीबन 9 बजे वर्कशॉप की छत पर से धुआं उठता देख आसपास के लोग जुट गए। देखते-देखते आग ने भीषण रूप ले लिया। इस दौरान अफरातफरी का माहौल बन गया। आगलगी की सूचना मिलने के बाद पतरातू थाना प्रभारी के निर्देश पर एसआई सुजीत सिंह और अफजल अंसारी सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे।
आग पर पूरी तरह से काबू पाने के बाद पुलिस घटना की जांच-पड़ताल कर रही है। घटना में किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है। आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

