अनुशासन, एकजुटता और समर्पण से मिलती है जीत : सुदेश महतो

रांची: नगड़ी के बुकरू स्थित फुटबॉल मैदान में बारह पड़हा सोहराय जतरा समिति द्वारा आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट का बुधवार को समापन हुआ। समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री और आजसू प्रमुख सुदेश कुमार महतो शामिल रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और फुटबॉल को किक मारकर फाइनल मुकाबले का शुभारंभ किया।

फाइनल में स्टार वारियर को हराकर जय जवान डीवडीह की टीम ने जीत दर्ज की। सुदेश महतो ने विजेता टीम को बधाई दी और आयोजन समिति के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण और आपसी एकजुटता का प्रतीक है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, उन्हें बेहतर अवसर और प्रोत्साहन देना जरूरी है। उन्होंने विभिन्न टूर्नामेंट एवं ट्रेनिंग कैंपों के माध्यम से ऐसे आयोजनों के विस्तार का आश्वासन दिया।

अवसर पर डॉ. देवशरण भगत, हकीम अंसारी, एतवा उरांव, सूरज मिश्रा, अमन लाल सहदेव, मनोज महतो, रूपा गाड़ी सहित बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।