रामगढ़: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कार्यक्रम आगामी 27 नवंबर को गोला के लुकैयाटांड़ में प्रस्तावित है। कार्यक्रम के सफल आयोजन को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक ने कार्यक्रम स्थल की स्थिति, उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था और विधि व्यवस्था से जुड़े अलग-अलग पहलुओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान संभावित भीड़, आने वाले लोगों और आम नागरिकों के आवागमन, वाहनों के परिचालन, पार्किंग व्यवस्था और सुरक्षा के लिहाज से जरूरी तैयारियों की समीक्षा की।
उपायुक्त ऋतुराज ने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम स्थल पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पक्की करने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल की साफ सफाई, समुचित बैरिकेडिंग, पेयजल, शौचालय, बिजली व्यवस्था, निर्बाध आवागमन और अन्य जरूरी सुविधाओं को लेकर विशेष ध्यान देने की बात कही। साथ ही कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर तालमेल बनाते हुए तय समय के भीतर तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
वहीं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने सुरक्षा और विधि व्यवस्था के लिहाज से जरूरी तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यक्रम के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, संवेदनशील जगहों पर विशेष निगरानी, यातायात प्रबंधन और भीड़ नियंत्रण को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने सभी संबंधित पुलिस अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ सतर्कता और मुस्तैदी से काम करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सभी जरूरी तैयारियां पक्की की जा रही हैं, ताकि कार्यक्रम का आयोजन सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
मौके पर उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, प्रभारी पदाधिकारी गोपनीय शाखा रविंद्र कुमार गुप्ता सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

