नई दिल्ली: सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत नई दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से युवा सोमनाथ यात्रा को रवाना किया गया। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। यात्रा में विभिन्न कॉलेजों और संस्थानों के लगभग 1100 से अधिक विद्यार्थी गुजरात के सोमनाथ मंदिर की विशेष यात्रा पर निकले हैं। 20 से 25 नवंबर 2026 तक तय यह विशेष रेलगाड़ी नई दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से गुजरात के वेरावल जंक्शन तक जाएगी। वहां से विद्यार्थी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व का अनुभव करने के लिए सोमनाथ मंदिर के लिए रवाना होंगे।

मौके पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि एक हजार साल तक बार-बार हुए हमलों के बाद भी सोमनाथ मंदिर आज भी भारत की स्थायी सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक के रूप में खड़ा है। उन्होंने कहा कि हमारी पिछली पीढ़ियों ने न केवल अपनी आस्था की रक्षा की, बल्कि देश की समृद्ध परंपराओं और विरासत को भी संभाल कर रखा। सोमनाथ का इतिहास भारत की आस्था, दृढ़ता और सांस्कृतिक निरंतरता को दर्शाता है।

युवा प्रतिभागियों से उन्होंने कहा कि यह कोई आम यात्रा नहीं है, बल्कि भारत के संघर्ष और जीवटता के इतिहास को समझने और इसकी गौरवशाली विरासत को आगे ले जाने का एक मौका है। उन्होंने विद्यार्थियों को भारत की बौद्धिक संपदा, स्थापत्य विरासत और सांस्कृतिक उपलब्धियों पर गर्व करने के लिए प्रेरित किया। कहा किसोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत अब तक 35 हजार से ज्यादा श्रद्धालुओं को सोमनाथ महादेव के दर्शन करने का सौभाग्य मिला है। यह पहल सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराएगी।

बताया जाता है कि यात्रा का उद्देश्य युवा पीढ़ी को भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और ऐतिहासिक धरोहर से जोड़ना है और सोमनाथ के ऐतिहासिक महत्व के बारे में जागरूक करना है।

 

Photo courtesy Social media