रांची: झारखंड प्रदेश भाजपा कार्यालय में किसान मोर्चा के नवनियुक्त प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक सोमवार को हुई। बैठक की अध्यक्षता किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने की। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी और प्रदेश संगठन महामंत्री पवन कुमार साय, प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय और प्रदेश महामंत्री गणेश मिश्रा भी उपस्थित रहे।
बैठक में नई टीम को संगठनात्मक जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। किसान मोर्चा को जिला और मंडल स्तर तक मजबूत करने, किसानों की समस्याओं को गांव-गांव से उठाने और सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करने पर विस्तार से चर्चा हुई।
गौरतलब है कि 11 नवंबर को किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अर्जुन सिंह ने प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के निर्देश पर 22 प्रदेश पदाधिकारियों की घोषणा की थी। इसमें 8 प्रदेश उपाध्यक्ष, 2 प्रदेश महामंत्री, 8 प्रदेश मंत्री, कार्यालय मंत्री, सह कार्यालय मंत्री, कोषाध्यक्ष और सह कोषाध्यक्ष शामिल हैं। नियुक्ति के बाद यह नई टीम की पहली औपचारिक बैठक थी।
बैठक में नेताओं ने कहा कि किसान मोर्चा किसानों की आवाज बनकर काम करेगा। खाद, बीज, धान अधिप्राप्ति, सिंचाई और किसानों के बकाया भुगतान जैसे मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाएगा।

