रांची: पुंदाग के आईएसएम चौक में सनशाइन पब्लिक स्कूल के खुलने से इलाके में शिक्षा का एक नया विकल्प जुड़ गया है। विद्यालय की खास पहल यह है कि यहां सामान्य शिक्षा के साथ दिव्यांग बच्चों को भी बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की योजना बनाई गई है। संस्थान का संचालन महिला मैनेजिंग डायरेक्टर हिना उबेदुल्लाह के नेतृत्व में होगा।

विद्यालय के उद्घाटन समारोह में पुंदाग अंजुमन के सदर हाजी गुलजार मुख्य अतिथि और रांची नगर निगम के वार्ड संख्या 36 की पार्षद निहारिका कुमारी मुंडा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में स्थानीय गणमान्य लोगों, समाजसेवियों और शिक्षा से जुड़े लोगों की उपस्थिति रही।

इस अवसर पर हिना उबेदुल्लाह ने कहा कि स्कूल का उद्देश्य बच्चों को केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित रखना नहीं है। पढ़ाई के साथ खेलकूद, शारीरिक गतिविधियों और रचनात्मक कार्यों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभा को विकसित करने पर भी ध्यान दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि दिव्यांग बच्चों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उनके लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना है। उनका कहना है कि प्रत्येक बच्चे को शिक्षा का समान अधिकार मिलना चाहिए और किसी भी परिस्थिति के कारण उसकी पढ़ाई बाधित नहीं होनी चाहिए।

महिला नेतृत्व में शुरू हुआ यह शिक्षण संस्थान क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी और आत्मनिर्भरता का भी उदाहरण है। स्कूल प्रबंधन को उम्मीद है कि इससे पुंदाग और आसपास के इलाकों के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा।