पड़ोसी देश नेपाल के कोशी प्रांत में था भूकंप का केंद्र
रांची: झारखंड में मंगलवार की सुबह कई इलाकों में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। सुबह तकरीबन 7:02 बजे कुछ पलों के लिए धरती का कंपन महसूस किया गया। कई जगहों पर एहतियातन लोग घरों से बाहर निकल आए। भूकंप को लेकर लोगों में कौतूहल बना रहा और चौक-चौराहों से लेकर सोशल मीडिया पर भूकंप की चर्चा होती रही।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप का केंद्र पड़ोसी देश नेपाल में था। कोशी प्रांत के लाप्तेजुंग जिले में यह भूकंप आया था। जिसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.3 दर्ज की गई। जबकि जमीन के भीतर इसकी गहराई करीब 20 किलोमीटर रही।
हालांकि झारखंड में मामूली कंपन ही महसूस किया गया। भूकंप से किसी बड़े नुकसान की सूचना नहीं है। झारखंड के अलावा बिहार, सिक्किम, पश्चिम बंगाल समेत चीन, भूटान और बांग्लादेश में भी झटके महसूस किए गए। कहीं से नुकसान की कोई सूचना नहीं है।

