पतरातू (रामगढ़): झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत सोमवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पतरातू में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। झारखंड राज्य आजीविका प्रोत्साहन समिति और स्वास्थ्य विभाग रामगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में शिविर संपन्न हुआ। शिविर में कुल 25 लोगों ने रक्तदान के लिए अपना नाम दर्ज कराया। स्वास्थ्य जांच के बाद 15 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया।शेष लोगों को रक्तचाप में उतार-चढ़ाव और खून की कमी के कारण रक्तदान के लिए अयोग्य पाया गया।

रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवा : बीडीओ 

रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए पतरातू के प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार गुप्ता ने कहा कि झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के अंतर्गत आयोजित यह रक्तदान शिविर अत्यंत सराहनीय पहल है। रक्तदान महादान है और यह मानवता की सबसे बड़ी सेवा है। हमारा एक छोटा सा प्रयास किसी आपातकालीन स्थिति में जूझ रहे व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है। युवाओं और ग्रामीणों को ऐसे जनकल्याणकारी अभियानों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

ये अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी रहे उपस्थित

रक्तदान शिविर को सफल बनाने में आजीविका प्रोत्साहन समिति और स्वास्थ्य विभाग की टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार गुप्ता, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. धीरेन्द्र कुमार के साथ झारखंड राज्य आजीविका प्रोत्साहन समिति (पतरातू) के प्रखंड परियोजना पदाधिकारी अभिषेक कुमार वर्मा, प्रखंड समन्वयक प्रेमचंद कोटवार, सुंदर लाल बेदिया, सामुदायिक समन्वयक बीरेंद्र सिंह , धीरज कुमार सहित अन्य टीम सदस्य उपस्थित रहे। वहीं, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, पतरातू के प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक मनीष कुमार और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रक्त संग्रहण कार्य में सराहनीय योगदान दिया।