750 लोगों की हुई नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच
रामगढ़: झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत सोमवार को राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के परिसर में स्वास्थ्य मेले का आयोजन किया गया। जिला स्वास्थ्य समिति के तत्वावधान में आयोजित इस मेले में करीब 750 लोगों ने विभिन्न स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और अन्य स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। मेले का उद्देश्य सही स्वास्थ्य, सुखी परिवार के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना तथा आम लोगों को निःशुल्क और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना था।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक ममता देवी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण से ही राज्य और देश का समग्र विकास संभव है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की इस पहल की सराहना की और लोगों से सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा समय-समय पर जांच कराने की अपील की।
मेले में विभिन्न विभागीय कार्यक्रमों के तहत स्टॉल लगाकर नागरिकों को सेवाएं और जानकारियां दी गईं। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने निःशुल्क परामर्श दिया और आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराईं। नियमित टीकाकरण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, परिवार नियोजन, रक्तचाप और मधुमेह सहित गैर संचारी रोगों की जांच की सुविधा रही। स्वास्थ्य कर्मियों ने बीमारियों से बचाव, स्वच्छता और संतुलित जीवनशैली के बारे में लोगों को जागरूक किया।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार, जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य पदाधिकारी डॉ. ठाकुर मृत्युंजय कुमार सिंह, जिला कुष्ठ निवारण पदाधिकारी डॉ. तुलिका रानी, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. स्वराज, डॉ. विवेक सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य पदाधिकारी, कर्मी, जिला कार्यक्रम प्रबंधन इकाई की टीम, प्रखंड प्रशिक्षण दल और बड़ी संख्या में स्वास्थ्य सहियाएं उपस्थित रहीं।

