रांची: रातू प्रखंड के हुसैन नगर में धार्मिक और सामाजिक एकजुटता की मिसाल देखने को मिली, जहां मस्जिद-ए-उमर के निर्माण की शुरुआत के मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुटे। बिजुलिया रोड स्थित इस इलाके में आयोजित संगे बुनियाद की तकरीब में सैकड़ों लोगों ने शिरकत की। मस्जिद के निर्माण को जल्द पूरा करने के उद्देश्य से लोगों ने अपनी क्षमता के अनुसार आर्थिक सहयोग भी दिया।

कार्यक्रम में हजरत मौलाना अकरम साहब ने संगे बुनियाद की रस्म अदा की। इसके बाद उन्होंने अपने संबोधन में समाज में बढ़ती दहेज प्रथा और शादी-विवाह में होने वाली फिजूलखर्ची पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि निकाह को आसान बनाने के बजाय लोग अनावश्यक खर्च और दिखावे के कारण इसे मुश्किल बना रहे हैं। समाज को इस सोच में बदलाव लाने की जरूरत है, ताकि गरीब और यतीम बेटियों की शादी भी बिना परेशानी के हो सके। उन्होंने सादगी से निकाह करने और दहेज जैसी कुप्रथा को बढ़ावा नहीं देने की अपील की।

मस्जिद निर्माण कमेटी के सदर आरिफ अंसारी ने कार्यक्रम में पहुंचे तमाम उलमा, मेहमानों और स्थानीय लोगों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहयोग से मस्जिद का निर्माण जल्द पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान लोगों ने खुले दिल से चंदा देकर निर्माण कार्य में अपनी भागीदारी निभाई।

कार्यक्रम का समापन देश और समाज की खुशहाली, आपसी सौहार्द और भाईचारे की मजबूती तथा मस्जिद के निर्माण कार्य में बरकत और जल्द पूरा होने की दुआ के साथ हुआ।

कार्यक्रम में मुफ्ती अनवर काशमी (इमारत-ए-शरिया काजी), कारी शोएब, मुफ्ती सलमान (सदर उलमा-ए-झारखंड), मुफ्ती जुल्फान और मौलाना जमीरुद्दीन समेत कई उलमा मौजूद रहे।

इसके अलावा प्रखंड अंजुमन के सेक्रेटरी नौशाद आलम, नायब सदर अंजुम खान, खजांची वसीम मालिक, उपप्रमुख रियाजुल अंसारी, समाजसेवी आजाद अंसारी और अनवरूल्लाह नदवी सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग शामिल हुए।