रांची: इचापीरी पंचायत के पिरुटोला गांव में लंबे समय से बदहाल पड़ी कब्रिस्तान रोड को दुरुस्त करने की पहल शुरू हो गई है। मुखिया फंड से सरफुल के घर से कब्रिस्तान की चहारदीवारी तक सड़क को बेहतर बनाने का काम कराया जा रहा है। शनिवार को जेसीबी मशीन से सड़क का समतलीकरण शुरू किया गया। इससे पहले सड़क किनारे गडवाल निर्माण का काम कराया गया था।

काफी समय से सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही थी। अब मरम्मत और समतलीकरण का काम शुरू होने से गांव के लोगों में खुशी है। ग्रामीणों ने इस पहल को लंबे समय से महसूस की जा रही जरूरत को पूरा करने की दिशा में अहम कदम बताया।

इस कार्य को धरातल पर उतारने में पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों की भूमिका रही। मुखिया लाखों उरांव, उप मुखिया गुफरान अंसारी, पंचायत समिति सदस्य ऐनुल हक अंसारी, पंचायत सहायक इम्तियाज अहमद तथा गांव के सदर और सेक्रेटरी ने इसके लिए प्रयास किया।

मौके पर इरसाद अंसारी, शामी अंसारी, मटौर रहमान, सजाद अंसारी, मकसूद अंसारी, अबू रेहान, उल्फत अंसारी, सलीम अंसारी, रोजगार सेवक आनंद साहू और रोजिद अंसारी सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।