रामगढ़: एनडीए की प्रत्याशी सुनीता चौधरी ने रामगढ़ विधानसभा चुनाव के तहत शनिवार को नामांकन दाखिल किया। इससे पूर्व सुनीता चौधरी ने पति सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी के साथ मां छिन्नमस्तिका मंदिर रजरप्पा में पूजा की। पूजा के उपरांत सुनीता चौधरी समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंची। नामांकन में आजसू के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो, भाजपा विधायक सीपी सिंह, विधायक किशुन दास, विधायक समरी लाल, विधायक जेपी पटेल, विधायक लंबोदर महतो सहित कई शामिल रहे। रामगढ़ अनुमंडल कार्यालय के निकट सभी का फूल मालाओं के साथ कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
नामांकन के उपरांत होटल ला मेरीटल के सभागार में एनडीए की ओर से प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। जिसमें आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि एनडीए की संयुक्त प्रत्याशी सुनीता चौधरी की जीत सुनिश्चित है। तीन वर्षों की वर्तमान राज्य सरकार की वादाखिलाफी और भ्रष्टाचार के खिलाफ रामगढ़ की जनता अपना मत देगी।
कहा कि रामगढ़ विकास कज सभी मानकों में अव्वल हुआ करता था। बीते तीन वर्षों में रामगढ़ विकास में फिसड्डी हो गया है। विकास के आंकड़ों में रामगढ़ पिछड़ता जा रहा है। रामगढ़ का उप चुनाव पूरे राज्य के लिए महत्वपूर्ण है। जनमत हमारे पक्ष में होगा।
वहीं भाजपा के रांची विधायक सीपी सिंह ने कहा कि चंद्रप्रकाश चौधरी ने रामगढ़ के गांव गांव का विकास किया है। एनडीए प्रत्याशी शिक्षाविद सुनीता चौधरी की जीत अवश्य होगी।