“जय श्रीकृष्ण” के उद्घोष से गूंजायमान हुआ क्षेत्र 

भुरकुंडा (रामगढ़): श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर शुक्रवार को भुरकुंडा में आस्था और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। कृष्ण भक्तों के नेतृत्व में बाजे-गाजे और आकर्षक झांकियों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिससे पूरा क्षेत्र कृष्णमय हो गया। शोभायात्रा की शुरुआत पटेलनगर सयाल मोड़ स्थित मां संतोषी मंदिर से हुई। यहां से श्रद्धालु राधा-कृष्ण मंदिर पहुंचे। इसके बाद यात्रा भुरकुंडा पेट्रोल पंप, बिरसा चौक और मेन रोड होते हुए काली मंदिर परिसर पहुंची, जहां यात्रा का समापन किया गया।

शोभायात्रा में बड़ी संख्या में युवक, पुरुष श्रद्धालु और बच्चे शामिल हुए। युवक हाथों में धार्मिक ध्वज लेकर “जय श्रीकृष्ण” और “राधे-राधे” के जयकारे लगाते चल रहे थे। वहीं डीजे पर बजते भक्ति गीतों पर श्रद्धालु जमकर झूमते नजर आए। जगह-जगह स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत भी किया।

शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत उठाने की जीवंत झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र रही। इसके अलावा आदमकद वानर और वनमानुष की झांकियों ने लोगों का ध्यान खींचा। वहीं बाल गोपाल के वेशभूषा धरे छोटे-छोटे बच्चों को देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही।

आयोजन को सफल बनाने में प्रदीप यादव, शंकर यादव, टुनटुन यादव, किशोर कुमार, अमित शर्मा, ऋषि विश्वकर्मा, राकेश सिन्हा, सुनील, विकास गुप्ता, जितेंद्र यादव, सुरेंद्र यादव, कन्हैया सिंह यादव, प्रेम, अमर सिंह, गौतम, सुरेश पासवान, रामजनम यादव, अमित साहू, विजयंत कुमार सहित कई कार्यकर्ताओं की सराहनीय भूमिका रही।

 

By Admin