| जिला आपूर्ति विभाग के कार्यों की उपायुक्त ने की समीक्षा |
राशन का नियमित उठाव नहीं करनेवाले लाभुकों का कार्ड होगा रद्द
रामगढ़: उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला आपूर्ति विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिसमें सर्वप्रथम जिला आपूर्ति पदाधिकारी रंजीता टोप्पो ने उपायुक्त सहित अन्य अधिकारियों को पीपीटी के माध्यम से पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के आलोक में की गई कार्रवाई और वर्तमान प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने जिले में खाद्यान्न वितरण, डीलरों की स्थिति और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन का ब्यौरा प्रस्तुत किया।
बैठक के दौरान उपायुक्त ने नियमित निरीक्षण और मॉनिटरिंग पर जोर देते हुए समीक्षा के क्रम में आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों (BSO) को प्रतिमाह अनिवार्य रूप से अपने-अपने क्षेत्र की पीडीएस दुकानों का भौतिक निरीक्षण करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने कहा कि केवल दुकानों ही नहीं, बल्कि गोदामों और पैक्स का भी नियमित निरीक्षण कर रिपोर्ट सौंपा जाए।
बैठक के दौरान डीलरों की संख्या और उनके आवंटन की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने खराब प्रदर्शन करने वाले और अनियमितता बरतने वाले पीडीएस संचालकों को चिन्हित कर उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने का भी निर्देश दिया। वहीं उपायुक्त ने लंबे समय से राशन का उठाव नहीं कर रहे कार्डधारकों को नोटिस जारी करने और सुधार न होने पर उनके कार्ड रद्द कर, प्रतीक्षा सूची में शामिल नए योग्य लाभुकों को योजना से जोड़ने का निर्देश दिया।
बैठक में प्रभारी पदाधिकारी स्थापना शाखा रीना कुजूर, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और जिला आपूर्ति कार्यालय के कर्मी उपस्थित थे।
