भुरकुंडा (रामगढ़): लादी स्थित बाल विकास उच्च विद्यालय में बुधवार को भदानीनगर पुलिस ने जागरूकता अभियान चलाया। जिसमें ओपी प्रभारी अख्तर अली ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध और नशे के दुष्प्रभाव पर जागरूक किया। साथ ही आपातकालीन सेवा डायल-112 के संबंध में विस्तार से जानकारी भी दी।
अवसर पर ओपी प्रभारी अख्तर अली ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव हेतु सजग और सतर्क रहने की जरूरत है। मोबाइल और इंटरनेट का सदुपयोग करें। मोबाइल पर भेजे गए संदिग्ध लिंक को नहीं खोलें। कहा कि अनजान लोगों के साथ अपने मोबाइल का ओटीपी, पासवर्ड या दस्तावेज़ किसी के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
वहीं उन्होंने नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक नुकसान के बारे में बताते हुए बच्चों से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की। इसके अलावा उन्होंने डायल 112 की उपयोगिता के बारे में बताते हुए कहा कि किसी भी आपात स्थिति में पुलिस, अग्निशमन या अन्य सहायता के लिए 112 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है। मौके पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
