• झूला-स्टॉल लगाने के लिए लेनी होगी अनुमति
• व्यवसायिक गैस सिलेंडर के उपयोग पर प्रतिबंध
रामगढ़: दुर्गा पूजा के शांतिपूर्ण आयोजन और विधि-व्यवस्था को लेकर रामगढ़ जिला प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय हो गई है। अधिकारी धरातल पर तैयारियों का जायजा ले रहे हैं और पूजा समितियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं। इस कड़ी में उपायुक्त ऋतुराज और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों की टीम बरकाकाना पहुंची। जहां अधिकारियों नयानगर, घुटूवा में पूजा पंडाल और मेला स्थल का अवलोकन किया। इस दौरान पूजा समिति के सदस्यों से व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के संबंध में जानकारी ली गई। साथ ही सुरक्षा, निगरानी, यातायात और पार्किंग व्यवस्था को लेकर सख्त हिदायतें भी दीं गई। अधिकारियों ने सरकारी गाइडलाइंस का पूरी तरह से अनुपालन करने का निर्देश भी दिया।

महिला, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पहली प्राथमिकता : डीसी
अवसर पर उपायुक्त ऋतुराज ने समिति के सदस्यों को निर्देश दिया कि पूजा पंडाल और मेला मैदान में भीड़ के मद्देनजर पूरी व्यवस्था होनी चाहिए। अनुमंडल पदाधिकारी से पूर्व अनुमति कोई भी झूला, व्यवसायिक दुकान और खाने-पीने के स्टॉल नहीं लगाए जाएंगे। खाने-पीने के स्टॉल में बड़े व्यवसायिक गैस सिलेंडर के उपयोग पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा और अग्निशमन यंत्र की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। मेला क्षेत्र और पूजा स्थल पर साफ-सफाई के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल और शौचालय की व्यवस्था होनी चाहिए। वाहन पार्किंग की भी पर्याप्त व्यवस्था रहनी चाहिए। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए।
पूजा समितियां गाइडलाइंस का अनुपालन करें सुनिश्चित : एसपी
वहीं निरीक्षण के क्रम में पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने पूछा समिति को निर्देश देते हुए कहा कि सुरक्षित और दुर्घटना रहित आयोजन के लिए सभी जरूरी प्रबंध किए जाएं। अवांछित और असामाजिक तत्वों पर पैनी निगाह रखने पर्याप्त सीसीटीवी कैमरे लगाए, जिनकी निरंतर मॉनेटरिंग भी होती रहे। उन्होंने कहा कि समिति पहचान पत्र के साथ वॉलेंटियर की प्रतिनियुक्ति करें। इसके अलावा पार्किंग शुल्क लेनेवाले प्रत्येक व्यक्ति के पास पहचान पत्र होना चाहिए। निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली की शिकायत पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मूर्ति विसर्जन ससमय और निर्धारित रूट के आधार पर ही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूजा समितियां दिए जा रहे गाइडलाइंस का पूरी तरह से पालन करें। पुलिस हर संभव सहयोग और विधि-व्यवस्था के बेहतर संधारण हेतु तत्पर रहेगी।
निरीक्षण में रामगढ़ एसडीएम कृष्ण कुमार तिर्की, गोपनीय प्रभारी रविंद्र कुमार गुप्ता, पतरातु एसडीपीओ राघवेंद्र शर्मा, रामगढ़ यातायात प्रभारी नवीन पांडेय, ओपी प्रभारी रोशन बाड़ा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
