भुरकुंडा (रामगढ़): तीज पर्व को लेकर भुरकुंडा बाजार की रौनक देखते ही बन रही है। खासकर महिलाओं में पर्व को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है। इसके साथ ही गणेश पूजा की तैयारी अंतिम चरण में है और विश्वकर्मा पूजा की तैयारियां भी अब तेज हो गई है।
तीज पर बाजार में ग्राहकों की भीड़
तीज सुहागिन महिलाओं का बड़ा पर्व माना जाता है। पति की लंबी उम्र और सुखी वैवाहिक जीवन के लिए महिलाएं इस दिन निर्जला व्रत रखती हैं। इसे लेकर भुरकुंडा बाजार में श्रृंगार की दुकानों पर ज्यादा भीड़ देखी जा रही है। मेहंदी, सिंदूर, चूड़ी, बिंदी, साड़ी, लहठी और आलता की जमकर खरीदारी हो रही है। वहीं फल-फूल, नारियल, अगरबत्ती, सजावट के लाइट और पूजा सामग्री की बिक्री बढ़ गई है। स्थानीय दुकानदार बताते हैं कि तीज पर नई डिजाइन की साड़ियों और चूड़ियों की मांग ज्यादा है।

भगवान गणेश और विश्वकर्मा पूजा की तैयारी तेज
तीज के साथ ही गणेश पूजा और विश्वकर्मा पूजा की तैयारी भी जोरों पर है। गणेश पूजा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कई जगहों पर भगवान गणपति की प्रतिमा स्थापित कर कल विधि-विधान से पूजा की जाएगी। वहीं विश्वकर्मा पूजा की तैयारियां तेज हो गई है। जगह-जगह पूजा पंडाल बनाए जा रहे हैं। जहां मूर्तिकार बाबा विश्वकर्मा की प्रतिमाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं। वहीं पूजा समितियां तैयारियों में जोर-शोर से जुट गई हैं।
