रांची: पिठोरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत बाढ़ू सेमर टोली मोड़ के निकट शनिवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आकर बाइक सवार युवक की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। मृतक की पहचान रातू निवासी प्रेम साहू के रूप में हुई है। जबकि घायल का नाम सौरभ राज बताया जाता है।

मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक शनिवार की शाम बाइक (JH 01 FL 7673) पर पिठौरिया से कांके की तरफ जा रहे थे। इस क्रम में शाम लगभग 04:00 बजे बाढ़ू सेमर टोली मोड़ के निकट एक अज्ञात हाइवा बाइक में टक्कर मारते हुए भाग निकला। दुर्घटना में प्रेम साहू ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। जबकि सौरभ गंभीर रूप से चोटिल हो गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।

हादसे की सूचना पर एसआई सत्यदेव प्रसाद सदलबल घटनास्थल पर पहुंचे। घायल को एंबुलेंस पर अस्पताल भिजवाया गया। वहीं पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया। फिलहाल पुलिस दुर्घटना की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।