भुरकुंडा (रामगढ़): भदानीनगर ओपी क्षेत्र अंतर्गत भुरकुंडा रेलवे साइडिंग के निकट शनिवार को ग्रामीणों ने स्टॉक किए गए कोयले का उठाव रोक दिया। अधिग्रहित जमीन से इतर भूमि पर कोयला स्टॉक करने और बिना वैध सीटीओ संचालन का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने विरोध जताया।

मिली जानकारी के अनुसार प्रशासनिक आदेश पर शनिवार को अंचल निरीक्षक पतरातू अशोक कुमार पुलिस बल के साथ कोयला उठाव कराने रेलवे साइडिंग पहुंचे। ग्रामीणों द्वारा संभावित हस्तक्षेप के मद्देनजर पुलिस बल के जवान भी तैनात रहे। कोयला उठाव की जानकारी पर दर्जनों महिला-पुरूष ग्रामीण गुड्स शेड के निकट पहुंचे और कोयला उठाव करने से रोक दिया।

ग्रामीण वैलिड सीटीओ (कंसेंट टू ऑपरेट) से संबंधित कागजात दिखाने की मांग पर अड़ गए। ग्रामीणों ने कहा कि अधिकारी वैध कागजात दिखाएं और कोयले का उठाव करें। अन्यथा संवैधानिक तरीके से पुरजोर विरोध किया जाएगा। इस पर अंचल निरीक्षक सहित पतरातू सर्किल इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार और भदानीनगर ओपी प्रभारी अख्तर अली ने ग्रामीणों को समझने बुझाने का भरसक प्रयास किया। बावजूद इसके ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे।

वहीं कोयला उठाव रोके जाने की सूचना पर अंचलाधिकारी पतरातू मनोज कुमार चौरसिया भी रेलवे साइडिंग पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने साइडिंग संचालन और कोयला स्टॉक करने से संबंधित वैध दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग रखी। साथ ही कई आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग भी की।

आखिरकार गहमागहमी के बीच अंचलाधिकारी ने मामले में सभी तथ्यों की जांच-पड़ताल कर उचित कदम उठाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद मामला शांत हुआ। फिलहाल गतिरोध के बीच कोयले का उठाव शुरू नहीं हो सका है। बताया जाता है कि मामले को लेकर काफी समय से विवाद की स्थिति बनी हुई है।