पलामू: मोबाइल गुम होने की शिकायतों पर पलामू पुलिस की कार्रवाई का दायरा जिले से बाहर तक पहुंच गया है। ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए 97 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनमें कई फोन छत्तीसगढ़ और तमिलनाडु समेत दूसरे राज्यों से ट्रेस किए गए। शुक्रवार को एसपी कपिल चौधरी ने बरामद मोबाइल उनके वैध धारकों को सौंपे।
यह ऑपरेशन मुस्कान के तहत मोबाइल वापसी का तीसरा चरण है। पुलिस ने अब बरामद किए गए मोबाइल हर महीने की 25 तारीख को उनके वास्तविक मालिकों को सौंपने की व्यवस्था तय की है। एसपी कपिल चौधरी ने कहा कि गुम मोबाइलों की बरामदगी का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
थानों के स्तर पर हुई बरामदगी
इस कार्रवाई में लेस्लीगंज थाना क्षेत्र से सबसे अधिक 15 मोबाइल बरामद हुए। नावाजयपुर से 11, टाउन थाना से 10, जबकि छतरपुर और पिपरा से 9-9 मोबाइल मिले। रेहला थाना क्षेत्र से 8 मोबाइल बरामद किए गए। जिले के अन्य थाना क्षेत्रों से भी मोबाइल रिकवर किए गए हैं।
तीन महीने बाद मिला मोबाइल, जताई खुशी
पिपरा निवासी बसंत साव का मोबाइल करीब तीन महीने पहले बाजार जाने के दौरान गुम हो गया था। पुलिस की कार्रवाई के बाद फोन वापस मिलने पर उन्होंने खुशी जताई। मोबाइल मिलने के साथ ही उनके जरूरी संपर्क और उसमें मौजूद डिजिटल जानकारी भी दोबारा उनके पास पहुंच गई।
