साहिबगंज: भारतीय जनता पार्टी साहिबगंज जिला कमेटी के तत्वावधान में सोमवार को मिलन समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें दो दिवसीय दौरे पर साहिबगंज पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी मुख्य रूप से शामिल रहे। समारोह में साहेबगंज कॉलेज में अंग्रेजी विभाग की प्रमुख मारिया हेम्ब्रम सहित कांग्रेस पार्टी के नीरज हेम्ब्रम और राजकुमार यादव के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने कांग्रेस छोड़ भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। बाबूलाल मरांडी ने नये सदस्यों का माला पहनाकर स्वागत किया।
अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है। विकास को गति मिली है और जन कल्याणकारी योजनाएं धरातल पर उतर रही है। अब देश के साथ-साथ झारखंड की जनता भी अच्छी समझ चुकी है कि भाजपा के नेतृत्व में ही देश का विकास संभव है। आनेवाले लोकसभा चुनाव में भारी बहुमत से केंंद्र में पुनः प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार बनानी है।
कार्यक्रम में राजमहल विधायक अनंत ओझा, जिलाध्यक्ष रामदरश यादव सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वहीं कार्यक्रम से पूर्व बाबूलाल मरांडी ने साहिबगंज के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन मकर संक्रांति की सुबह गंगा में स्नान किया। स्नान के उपरांत उन्होंने बाबा गंगेश्वर नाथ धाम में पूजा अर्चना की।