मैदान का किया निरीक्षण, पारदर्शिता बरतने का निर्देश
रामगढ़: होमगार्ड भर्ती को लेकर शनिवार को उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में समाहरणालय में बैठक हुई। बैठक में अब तक की प्रगति की समीक्षा की गई और भर्ती को तय समय पर पारदर्शी तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में कमांडेंट नीलिमा सोरे ने बताया कि आवेदनों की स्क्रूटनी पूरी कर ली गई है। इस पर उपायुक्त ने कहा कि जिन अभ्यर्थियों के आवेदन रद्द हुए हैं, उनकी सूची कारण सहित जारी की जाए ताकि किसी तरह का भ्रम न रहे। उन्होंने अधिकारियों को शारीरिक दक्षता परीक्षा के लिए विस्तृत रोडमैप तैयार करने को कहा। कहा कि परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और अनुशासन का पूरा ध्यान रखा जाए।
बैठक के उपरांत उपायुक्त ने अधिकारियों के साथ सिद्धू-कान्हू मैदान का निरीक्षण किया। मैदान में होने वाले विभिन्न इवेंट्स के हिसाब से व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का निर्देश दिया।
मौके पर एसपी मुकेश कुमार लुनायत, उप विकास आयुक्त आशीष अग्रवाल, एसडीओ कृष्ण मुरारी तिर्की सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
