• 498 सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों को सौंपा नियुक्ति पत्र
• पकरीबरवाडीह में 220/ 33 केवी ग्रिड सब स्टेशन का भी किया ऑनलाइन शिलान्यास
रांची: आज लगभग 500 सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र मिल रहा है। इस तरह अब आप सभी सरकार के अभिन्न अंग के रूप में अपनी जिम्मेदारियों को निभाएंगे। यह बातें मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सोमवार को झारखंड मंत्रालय में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कही।
अवसर पर मुख्यमंत्री ने नवी मुंबई में प्रस्तावित झारखंड भवन का ऑनलाइन शिलान्यास किया गया। यह भवन 28 हजार स्क्वायर फीट में होगा। ये सात फ्लोर का होगा। इसके तीसरे और चौथे फ्लोर में आर्थिक रूप से कमजोर इलाज के लिए मुंबई जाने वाले लोगों के रहने की व्यवस्था भी होगी। वहीं कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने हजारीबाग के पकरीबरवाडीह में 20/ 33 केवी ग्रिड- सब स्टेशन का भी ऑनलाइन शिलान्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वाले सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों से कहा कि झारखंड देश के सबसे गरीब एवं पिछड़े राज्य में गिना जाता है। आपकी नियुक्ति स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को बेहतर बनाने के लिए हुई है। आप सभी को राज्य के सुदूर और दूरदराज के ग्रामीण इलाकों में काम करने का मौका मिल रहा है। राज्य की जनता के प्रति जो आपको जिम्मेदारी मिली है, उस पर आप खरा उतरने का प्रयास करें। अपनी सेवा पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ निभाएं, ताकि ग्रामीणों का आप पर विश्वास बना रहे। इससे इस राज्य की व्यवस्था को मजबूत करने में हमें मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। सिर्फ बिल्डिंग खड़ा कर देने से स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर नहीं बनाया जा सकता है। इसके लिए अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सकों एवं चिकित्सा कर्मियों और इलाज से संबंधित समुचित सुविधाओं को उपलब्ध कराना जरूरी है। इसी बात को ध्यान में रखकर हमारी सरकार स्वास्थ्य से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठा रही है। आज चिकित्सक और चिकित्सा कर्मियों की नियुक्ति, आधुनिक चिकित्सीय संसाधन और सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ अस्पतालों के रखरखाव और मरम्मत की भी समुचित व्यवस्था है । राज्य के गरीब तथा जरूरतमंद लोगों के लिए कई स्वास्थ्य योजनाएं संचालित हैं। हमारी कोशिश राज्य के लोगों को बेहतर चिकित्सीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
अवसर पर मंत्री सत्यानंद भोक्ता, मंत्री बन्ना गुप्ता, मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर, मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, प्रधान सचिव अजय कुमार सिंह और अभियान निदेशक अबू इमरान उपस्थित थे।