मांडर/रांची: SIR नोटिस से जुड़ी प्रक्रिया में ग्रामीणों की मदद के लिए कांग्रेस ने मांडर प्रखंड परिसर में सहायता केंद्र लगाया। यहां कार्यकर्ताओं ने लोगों को फॉर्म भरने, जरूरी दस्तावेजों की जानकारी लेने और बीएलओ से संपर्क करने में मदद की।

कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मांगा उरांव के नेतृत्व में मंडल अध्यक्ष पश्चिमी होसे उरांव और मंडल अध्यक्ष पूर्वी तबराक खान प्रखंड परिसर पहुंचे। नेताओं ने नोटिस प्राप्त करने वाले ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और प्रक्रिया पूरी करने में सहयोग किया।

मांगा उरांव ने कहा कि SIR को लेकर ग्रामीणों में कई तरह की शंकाएं हैं। नोटिस मिलने के बाद क्या प्रक्रिया अपनानी है और कौन-कौन से दस्तावेज जरूरी हैं, इसकी जानकारी कई लोगों को नहीं है। ऐसे लोगों की परेशानी दूर करने के लिए पार्टी कार्यकर्ता सहायता कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि पात्र मतदाता जानकारी के अभाव में मतदाता सूची से बाहर न हो, इसके लिए कार्यकर्ता गांवों में भी लोगों को जागरूक कर रहे हैं। प्रखंड परिसर में लगाए गए सहायता केंद्र के माध्यम से भी ग्रामीणों को आवश्यक जानकारी दी जा रही है।

मंडल अध्यक्ष पश्चिमी होसे उरांव और मंडल अध्यक्ष पूर्वी तबराक खान ने लोगों से अपील की कि SIR का नोटिस मिलने पर घबराएं नहीं। निर्धारित समय के भीतर जरूरी दस्तावेजों के साथ संबंधित बीएलओ या प्रखंड कार्यालय से संपर्क कर प्रक्रिया पूरी करें।

सहायता केंद्र पर दिनभर कई ग्रामीण अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने उन्हें प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ संबंधित स्तर पर संपर्क करने में सहयोग किया।