हाईकोर्ट के जस्टिस दीपक रोशन ने रखी आधारशिला
रामगढ़: व्यवहार न्यायालय परिसर में प्रस्तावित G+3 जिला अधिवक्ता संघ भवन का भव्य शिलान्यास शनिवार को किया गया। झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सह रामगढ़ के जोनल जज जस्टिस दीपक रोशन ने शिलापट्ट का अनावरण कर आधारशिला रखी।

समारोह का शुभारंभ अतिथियों को पौधा भेंट कर किया गया। इस अवसर पर जस्टिस रोशन ने कहा कि सशक्त और जीवंत न्याय प्रणाली की रीढ़ अधिवक्ता होते हैं। आम लोगों को त्वरित और पारदर्शी न्याय दिलाने में अधिवक्ताओं की भूमिका अतुलनीय है। यह नया भवन अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य माहौल देगा और जिले की न्यायिक व्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगा। वहीं प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मो. तौफीकुल हसन ने कहा कि पीठ और बार के बेहतर समन्वय से ही जनता को सुलभ न्याय मिल सकता है।
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिला प्रशासन न्यायपालिका के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने को प्रतिबद्ध है। इस भवन से दूर-दराज से आने वाले अधिवक्ताओं और वादकारियों को सुविधा होगी और प्रशासन निर्माण में हर संभव सहयोग करेगा।
कार्यक्रम में जस्टिस रोशन की धर्मपत्नी सारिका भूषण, प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय राजीव आनंद, एडीजे प्रथम विशाल श्रीवास्तव, एसपी मुकेश कुमार लुनायत सहित बड़ी संख्या में न्यायिक अधिकारी और अधिवक्ता उपस्थित थे।
