रामगढ़: एसपी मुकेश कुमार लुनायत ने शनिवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में दो वर्ष से अधिक समय से लंबित कांडों की गहन समीक्षा की। इस दौरान जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, सभी अंचल के पुलिस निरीक्षक, सभी थाना एवं ओपी प्रभारी और कांडों के अनुसंधानकर्ता मौजूद रहे।

बैठक में एसपी ने एक-एक कर लंबित कांडों की अद्यतन स्थिति जानी और अनुसंधान में हो रही देरी के कारणों पर जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अनुसंधान में अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिया गया कि लंबित कांडों में साक्ष्य संकलन, गवाहों का बयान और तकनीकी जांच रिपोर्ट को जल्द से जल्द पूरा कर न्यायालय में आरोप पत्र दाखिल किया जाए। इसके साथ ही लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी और वारंट-कुर्की के निष्पादन में तेजी लाने को कहा गया।

एसपी ने कहा कि पुराने कांडों के लंबित रहने से पीड़ितों को न्याय मिलने में देरी होती है, इसलिए सभी थाना प्रभारी अपने स्तर पर प्रत्येक सप्ताह लंबित कांडों की समीक्षा कर प्रगति रिपोर्ट देंगे और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।