रांची: झारखंड में पिछले कई दिनों से जारी बारिश का सिलसिला अभी थमता नहीं दिख रहा है। 26 सितंबर को भी राज्य के कई हिस्सों में बारिश के साथ मेघ गर्जन, वज्रपात और तेज हवा की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिमी जिलों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने को कहा है।

पलामू, गढ़वा, चतरा और लातेहार में कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। वहीं राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कई इलाकों में आसमान में बादल छाए रहने की उम्मीद है।

मौसम खराब होने के दौरान हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

राजधानी रांची भी बारिश के दायरे में रहेगी। दिनभर बादल छाए रहने के साथ अलग-अलग समय पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

27 सितंबर को भी राज्य के कुछ हिस्सों में बारिश के साथ वज्रपात और तेज हवा का दौर देखने को मिल सकता है। इसके बाद 28 सितंबर से 1 अक्टूबर के बीच भी कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बारिश की संभावना बनी रहेगी।

मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों में तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा। इसके बाद अगले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में करीब 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है।