• घर ढहे, पेड़ और बिजली के पोल गिरे

• लगातार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त 

रांची: लगातार बारिश और तेज हवा ने रांची के ग्रामीण इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। जिले के विभिन्न प्रखंडों में घर ढहने, पेड़ और बिजली पोल गिरने की घटनाएं सामने आई हैं। हालांकि इन घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

चान्हो प्रखंड के नुन्हु डहुटोली गांव में शुक्रवार सुबह लगातार बारिश से रेणु मुंडा का घर ढह गया। ग्रामीणों के अनुसार महिला विधवा है और परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है। घर गिरने के बाद महिला के सामने रहने की समस्या खड़ी हो गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल सहायता की मांग की है।

इधर, टांगरवसली स्टेशन रोड मोहल्ले में ट्रांसफार्मर खराब होने से पिछले एक सप्ताह से बिजली आपूर्ति ठप है। स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद ट्रांसफार्मर बदला नहीं गया। बिजली नहीं रहने से बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है और पेयजल की समस्या भी उत्पन्न हो गई है। परीक्षा के दौरान छात्र मोमबत्ती और मोबाइल की रोशनी में पढ़ने को मजबूर हैं।

वहीं, नगड़ी प्लस टू हाई स्कूल परिसर में तेज हवा के कारण एक पेड़ और बिजली का खंभा गिर गया। गनिमत रही कि घटना स्कूल संचालन के क्रम में नहीं घटी, अन्यथा अनहोनी हो सकती थी। 

दूसरी ओर, बेड़ो प्रखंड के केशा मोड़ के पास सड़क पर पेड़ गिरने से कुछ देर के लिए आवागमन बाधित रहा। स्थानीय लोगों ने ही पेड़ हटाकर रास्ता साफ किया। इसके अलावा आंधी-बारिश से क्षति पहुंची है। कई जगहों पर बिजली की अनियमित आपूर्ति हो रही है, जिससे आम लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।