बोकारो: भाकपा माले का 7वां राज्य सम्मेलन 22 से 24 अप्रैल 2025 तक बोकारो के सेक्टर-2 स्थित कला केंद्र में आयोजित होगा। सम्मेलन का उद्घाटन सत्र जन कन्वेंशन के रूप में आयोजित किया जाएगा, जिसका मंच विस्थापित अप्रेंटिस आंदोलन में शहीद हुए प्रेम महतो को समर्पित रहेगा। इस संबंध में रविवार को भाकपा माले ने बोकारो के सेक्टर-3 डी स्थित जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता का आयोजन किया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए राज्य सचिव मनोज भक्त बताया कि यह सम्मेलन झारखंड में कॉरपोरेट फासीवाद, निजीकरण और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सुनियोजित संघर्ष का आह्वान करेगा। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन राज्य में एक मज़बूत वाम विकल्प के निर्माण में मील का पत्थर साबित होगा।
सम्मेलन को भाकपा (माले) के राष्ट्रीय महासचिव कामरेड दीपंकर भट्टाचार्य, प्रख्यात अर्थशास्त्री ज्यां द्रेज, पूर्व विधायक एवं पोलित ब्यूरो सदस्य आनंद महतो, विधायक अरुण चटर्जी, चंद्रदेव महतो तथा वाम दलों के शीर्ष नेतृत्व संबोधित करेंगे। कहा कि सम्मेलन में राज्यभर से एक हज़ार से अधिक प्रतिनिधि भाग लेंगे। सम्मेलन झारखंड में कॉरपोरेट फासीवाद, निजीकरण और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सुनियोजित संघर्ष का आह्वान किया जाएगा।
वहीं प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पार्टी के पोलित ब्यूरो सदस्य हलधर महतो ने कहा कि बोकारो इस्पात नगरी की गरमी और विस्थापित युवाओं का आंदोलन झारखंड की राजनीति में मज़दूर-किसान और छात्र-युवा आंदोलन की नई लहर पैदा करेगा। सम्मेलन में रोज़गार, ज़मीन के मालिकाना हक, और बड़े पैमाने पर हो रहे विस्थापन जैसे मुद्दों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि बांध परियोजनाओं, थर्मल पावर प्लांट, सीसीएल, बीसीसीएल, ईसीएल जैसी परियोजनाओं से विस्थापितों के सवाल पर यह सम्मेलन मज़बूत आवाज़ बनेगा। ए. के. रॉय, महेंद्र सिंह, गुरुदास चटर्जी और शांतिनाथ महतो के सपनों का झारखंड बनाने की दिशा में यह सम्मेलन निर्णायक भूमिका निभाएगा।
प्रेस वार्ता में भाकपा माले के जिला सचिव देवद्वीप सिंह दिवाकर, राज्य कमेटी सदस्य भुवनेश्वर केवट, दिलीप तिवारी, बी. एन. मिश्रा और छात्र नेता त्रिलोकी नाथ मुख्य रूप से उपस्थित थे।